सेंट थॉमस महाविद्यालय ने जीता मार थियोडोशियस कप
सेंट थॉमस महाविद्यालय भिलाई एवं क्रिस्चियन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में 9वां मार थियोडोशियस स्मृति राज्य स्तरीय बास्केटबाल पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन सेंट थॉमस महाविद्यालय में किया गया| इस प्रतियोगिता के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बीएसपी ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री एन के बंछोर उपस्थित थे| उन्होंने सभी खिलाडियों को देश के लिए ओलंपिक खेलों में मेडल लाने के लिए प्रेरित किया| इस प्रतियोगिता में रायपुर, भिलाई, भाटापारा एवं बिलासपुर से कुल 14 महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया| प्रतियोगिता का आयोजन नॉकआउट पद्धति के आधार पर किया गया| प्रतियोगिता के प्रथम सेमीफाइनल मैच में सेंट थॉमस महाविद्यालय ने साइंस कॉलेज रायपुर को हराया| दूसरे सेमीफाइनल मैच में शंकराचार्य महाविद्यालय ने बिलासपुर महाविद्यालय को परास्त किया| अंत में फाइनल मैच के दौरान रोमांचक मैच में सेंट थॉमस महाविद्यालय ने शंकराचार्य महाविद्यालय को 44 – 12 से हराकर प्रतियोगिता जीती| महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ शाइनी मेंडोन्स तथा प्रशासक रेवरेंट फादर डॉ पी. एस. वर्गीस ने खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं 12000 रूपये नगद तथा विजेता टीम को ट्रॉफी एवं 15000 रूपये नगद पुरस्कार तथा मेडल देकर सम्मानित किया| प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के खेल अधिकारी कैलाश नारायण वर्मा एवं खेल समिति तथा निर्णायकों की भूमिका में विनय जनबंधु, मिथुन दास, शिवम आदि ने महवत्पूर्ण भूमिका निभाई|

